पटनाएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक

प्रतिकात्मक फोटो।
बिहार में फरार चल रहे कुख्यात और ईनामी अपराधियों को पकड़ने का STF का अभियान लगातार जारी है। अपने अभियान के तहत बुधवार को STF ने बेगूसराय के फरार चल रहे कुख्यात अपराधी कारे उर्फ करूआ उर्फ कारे बिन्द को गिरफ्तार किया है। इसे पकड़ने के लिए STF ने खगड़िया के मुफस्सिल थाना इलाके में छापेमारी की। तब इसकी गिरफ्तारी हुई। वरना लंबे वक्त से ये कुख्यात बेगूसराय से फरार चल रहा था।
बार-बार पुलिस को चकमा दे रहा था
दरअसल, अपराधी कारे हत्या और लूट के आपराधिक वारदातों को अंजाम देने में माहिर है। बरौनी, चकिया, तेघरा और मरांची के इलाके में अब तक कई आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है। बरौनी के रेल थाना में भी इसके उपर आपराधिक मामला दर्ज है। जिला पुलिस के लिए अपराधी कारे सिरदर्द बना हुआ था। बार-बार जिला पुलिस की टीम को चकमा दे रहा था। ठिकाना बदलने से ये पकड़ में नहीं आ रहा था।
छापेमारी के बाद हुई गिरफ्तारी
इस कारण करीब सात दिनों पहले ही इसे गिरफ्तार करने की जिम्मेवारी STF को दी गई। साथ ही इस कुख्यात को पकड़ने के लिए 50 हजार रुपए का ईनाम भी रखा गया। जिसके बाद STF की टीम ने इसके बारे में इनपुट जुटाना शुरू किया। ठोस जानकारी मिलते ही टीम इसके पीछे लग गई। फिर छापेमारी कर इसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अब इसे बेगूसराय पुलिस के हवाले कर दिया गया है। जिन अपराधिक मामलों में ये फरार चल रहा था, उन मामलों में पुलिस उससे पूछताछ भी कर रही है। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा और फिर वहां से ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया जाएगा।