
एएन कॉलेज में कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में नीतीश ने सबकुछ दिया।
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गुस्से को देख मंगलवार को आननफानन में प्रेस कांफ्रेंस कर खुद को उनका (नीतीश कुमार) का सिपाही बताना भी उपेंद्र कुशवाहा के काम नहीं आया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को उपेंद्र कुशवाहा को सीधे-सीधे बाहर का रास्ता दिखा दिया। साफ कहा- “जिसको जब जाना हो, जितनी जल्दी जाना हो, जितना बोलना है बोलते रहिए और जिस दिन मन करे, उस दिन चले जाइए।” नीतीश ने उपेंद्र कुशवाहा की उठाई हर बातों का साफ-साफ जवाब भी दिया और राफ-साफ कर भी दिया। पटना में एएन कॉलेज में पूर्व मुख्यमंत्री सत्येंद्र नारायण सिन्हा की मूति अनावरण कार्यक्रम में शरीक होने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कुशवाहा को लेकर मन की बात की।
किस बात पर क्या बोले नीतीश, खुद देखिए
कुशवाहा ने कहा पार्टी कमजोर हो रही…
जो कहता है, उसे कहिए कि खूब खुशी मनाइए। मस्त रहिए। हमारी पार्टी कमजोर हुई है! इ पता है कि पहले की तुलना में मेंबरशिप ज्यादा हो गया है। 43-44 लाख था, इस बार 75 लाख हो गया है बिहार में। लेकिन, कुछ बोलते रहता है तो खुशी है।
कुशवाहा को ऐसा लगने की वजह क्या…
ऐसे ही फालतू प्रचार करते रहता है कि कुछ लगता है।
बड़े नेताओं के भाजपा से संपर्क का आरोप…
एक है कोई संपर्क में तो जरा नाम लीजिए। जो खुद संपर्क में जाना चाहता है, वही इ सब बोलते रहता है। क्या कीजिएगा? किस-किस को कितना बढ़ाए। कौन कहां चला गया, जाने दीजिए।
तो कुशवाहा के बारे में क्या सोचते हैं…
जिसको जब जाना हो, जितना जल्दी जाना हो, जितना बोलना है बोलते रहिए और जिस दिन मन करे, उस दिन चले जाइए।