पटना28 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

सेंटी दीक्षित की फ़ाइल फोटो।
पटना के काजीपुर इलाके में 27 साल के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। वो भी उसके घर के पास में ही। युवक को अपराधियों ने 4 गोली मारी। इस कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को मंगलवार की देर रात अंजाम दिया गया। उस वक्त युवक अपने एक साथी के साथ कहीं से घर लौट रहा था। तब रास्ते में अपराधियों से अपना निशाना बनाया।
जिस युवक की हत्या हुई, उसका नाम सेंटी दीक्षित है। इस वारदात में उसका साथी भी घायल है। पर वो कहाँ है, इसकी जानकारी बुधवार की सुबह तक पुलिस को नहीं मिल पाई है। सेंटी के परिवार को जब उसके हत्या की जानकारी हुई तो कोहराम मच गया। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। जल्दी से उसे PMCH ले गए। जहां उसके मौत की पुष्टि कर दी गई।
दूसरी तरफ वारदात की जानकारी मिलने पर कदमकुआं थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। थानेदार विमलेन्दु के अनुसार, जांच और परिवार से बातचीत में काजीपुर के ही रहने वाले अपराधी बबलू सहनी का नाम सामने आया है। परिवार को शक है कि बबलू ने ही उसकी हत्या की है। क्योंकि, पिछले 6 साल से बबलू और सेंटी के बीच पुराना विवाद चला आ रहा था। विवाद क्या है? इसकी वजह क्या है? इस बारे में पुलिस ने फिलहाल कुछ भी नहीं बताया।
सेंटी की हत्या कितने अपराधियों ने मिलकर की? इसका पता भी नहीं चल पाया है। हत्या के इस वारदात की जांच चल रही है। बबलू सहनी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए कदमकुआं थाना की पुलिस छापेमारी कर रही है। साथ ही सेंटी के घायल दोस्त को तलाश रही। क्योंकि, वो इस वारदात का चश्मदीद गवाह है। उससे काफी सारी जानकारियां मिलने की संभावना है। वहीं, PMCH में आज सेंटी की लाश का पोस्टमार्टम कराया गया है।