पटना3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

बिहार के 31 जिलों में ठंड का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है। दिन के साथ ही रात के तापमान में भी वृद्धि हो रही है। हालांकि, बिहार के सभी हिस्से में कोहरे का प्रभाव रहा है। पटना, गया, पूर्णिया सहित आधा दर्जन जिलों में सुबह घना कोहरा छाया था और दृश्यता 30 से 50 मीटर के बीच थी। दिन में भी धुंध की स्थिति रही। वहीं उत्तर बिहार के सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, मधुबनी सहित 19 जिलाें और बक्सर, भोजपुर, रोहतास, अरवल सहित सात जिलों में सुबह हल्का कोहरा रहा और दिन में मौसम साफ हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक बिहार में अरब सागर के साथ ही बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है।
इसके साथ ही पाकिस्तान, जम्मू कश्मीर होते उत्तरप्रदेश के पश्चिमी हिस्से और बिहार के तटवर्ती क्षेत्र तक विक्षोभ सक्रिय है। इसके कारण बिहार के कुछ हिस्से में हल्की बारिश होने के साथ ही मध्य हिस्से में घने कोहरे का प्रभाव रहेगा। यह स्थिति दो दिन तक रहने की संभावना है। रात के साथ ही दिन का तापमान भी सामान्य के आसपास ही रहेगा। 25 जनवरी को विक्षोभ की सक्रियता की वजह से दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। इससे ठंड से राहत मिलने के अनुमान है।
11 से 3 बजे तक मौसम सामान्य
बिहार के सभी हिस्से में धूप हो रही है। लेकिन, कोहरे और नमी की वजह से सुबह 11 से 3 बजे तक मौसम सामान्य रिकार्ड किया गया। लेकिन, शाम से दूसरे दिन सुबह तक मौसम सर्द है। इस दौरान तापमान सामान्य के करीब या नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक ठंड का असर फरवरी के प्रथम सप्ताह तक रहने का अनुमान है।