पूर्णिया20 मिनट पहले
अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत जगता खर्साही गांव में एक महिला को ससुराल वालों ने मायके वालों से ₹2 लाख रुपए दहेज के एवज में मांगा। जब मायके वालों ने दहेज देने से इंकार किया तो ससुराल वालों ने 2 दिन पहले उसे जमकर पिटाई की। फिर महिला को जबरन जहर खिला दिया।
इस बात की भनक जब मायके वालों को लगी तो वह लोग वहां पहुंचे तो देखा कि वह बेहोश पड़ी हुई है। मायके वालों ने महिला को पूर्णिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी गुरुवार को इलाज के दौरान ही मौत हो गई। घटना के बाद ससुराल वाले गांव छोड़कर भाग गए हैं। मृतक की पहचान जगता खरसाही के रहने वाले शंकर राम की पत्नी कंचन देवी (24 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
मृतका के पिता मुनीलाल राम ने बताया कि कंचन देवी की शादी 4 साल पहले शंकर राम से हुई थी। शादी के कुछ ही दिन बाद ससुराल वाले ने तरह-तरह से दहेज का डिमांड करने लगे। उन्होंने अपने क्षमता अनुसार उनका डिमांड भी पूरा किया। कुछ दिन पहले ₹2 लाख कैश का डिमांड करने लगा। जब देने से इनकार किया तो बेटी कंचन देवी को तरह-तरह से प्रताड़ित करने लगे। गांव में कई बार पंचायती भी हुई और शंकर राम व उनके परिवार वालों को हिदायत भी दी गई। लेकिन उन्होंने पंचायत की एक भी नहीं सुनी।
परिजनों ने बताया कि कंचन देवी को 4 साल शादी बीत जाने के बाद भी एक भी संतान नहीं हुई थी। इसको लेकर भी ससुराल वाले उसे अक्सर प्रताड़ित करते थे। मायके वालों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए मारपीट करने और जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।