पटना21 मिनट पहले
जदयू कार्यालय में तिरंगे को सलामी दी गई।
74वें गणतंत्र दिवस के मौके पर बिहार में जदयू, राजद, भाजपा, कांग्रेस कार्यालय में झंडोत्तोलन किया गया। इस मौके पर सभी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी और सभी शहीदों को याद किया।

कांग्रेस कार्यालय में लहराया तिरंगा।
कांग्रेस कार्यालय में अखिलेश प्रसाद ने भारत जोड़ो यात्रा का किया जिक्र
बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद ने कांग्रेस कार्यालय में झंडोत्तोलन किया और सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का भी जिक्र किया और कहा कि सभी कांग्रेस जन आज संकल्प ले कि वे संविधान को बचाए रखने में और देश को आगे बढ़ाने में अपना जी जान लगा देंगे।

भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष ने दी तिरंगे को सलामी।
भाजपा कार्यालय में संजय जयसवाल ने फहराया तिरंगा
बिहार भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष संजय जयसवाल के द्वारा झंडोत्तोलन किया गया। इस मौके पर बिहार विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष सम्राट चौधरी, बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा, पटना महापौर और उपमहापौर उपस्थित थे। इस मौके पर संजय जयसवाल ने कहा कि नीतीश कुमार की सभी सात निश्चय योजना फ्लॉप कर चुकी है। जल जीवन हरियाली के प्रति उनकी दिलचस्पी बस कहने को है।

राजद कार्यालय में फहराया तिरंगा।
राजद कार्यालय में जगदानंद सिंह और राबड़ी आवास पर तेजस्वी यादव ने दी तिरंगे को सलामी
राजद कार्यालय में बिहार प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने झंडोत्तोलन कर सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही राबड़ी आवास पर बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने झंडोत्तोलन किया और सभी शहीद को याद किया। उन्होंने आज के दिन का महत्व बताया और कहा कि आज ही के दिन हमारा संविधान लागू हुआ था।