मधुबनीएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक
स्थानीय लक्ष्मीपुर चौक स्थित राजद कार्यालय पर मंगलवार को जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती मनाई गई। मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर के तैल चित्र पर सभी ने श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा की। जयंती समारोह को संबोधित करते हुए लौकहा विधायक सह राजद जिलाध्यक्ष भारत भूषण मंडल ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ओजस्वी वक्ता, ईमानदार व्यक्तित्व, कुशल राजनीतिज्ञ और सहज जीवन शैली के धनी व्यक्ति थे। उनका भाषण आडंबर रहित, उत्साहवर्धक तथा चिंतनपरक होता था। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर कड़वा से कड़वा सच बोलने के लिए इस तरह के शब्दों को व्यवहार में लाते थे जिसे सुनकर विपक्ष तिलमिला तो उठते थे, लेकिन यह नहीं कह पाते थे कि उन्हें अपमानित किया गया है। सामान्य, सरल और सहज जीवनशैली के हिमायती कर्पूरी ठाकुर विषम परिस्थितियों में भी शिष्टाचार और मर्यादा की लक्ष्मण रेखाओं का कभी उल्लंघन नहीं किया करते थे। इसलिए आज भी उनके विचार अनुकरणीय हैं। जयंती समारोह को संबोधित करते हुए राजद के वरिष्ठ नेता महेश महतो ने कहा कि समस्तीपुर जिले के एक साधारण नाई परिवार में 24 जनवरी 1924 को जन्म लिए कर्पूरी ठाकुर बिहार के दूसरे उप मुख्यमंत्री तथा दो बार बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उन्होंने पिछड़ों और महिलाओं को सर्वप्रथम आरक्षण देने का काम किया। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर का एक चिर परिचित नारा था अधिकार चाहो तो लड़ना सीखो, पग पग पर अड़ना सीखो, जीना है तो मरना सीखो। राजद प्रखंड अध्यक्ष सह पचही पंचायत के मुखिया मुमताज अंसारी की अध्यक्षता में आयोजित जयंती समारोह को राजद नेता दिवाकर प्रसाद यादव, अमीर यादव, कपलेश्वर यादव, मनोज कुमार निराला, सफीउर्रहमान, राम प्रसाद यादव, अशोक मंडल, मिंटू शहजादा, लालाबाबू यादव, सत्तो मंडल, मो. अफाक, श्रीराम यादव आदि ने संबोधित किया।