पटना18 मिनट पहले
तेजस्वी यादव और आरसीपी सिंह
जदयू के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व केन्द्रीय मंत्री आरसीपी सिंह पर राजद की ओर से ही लगाए गए आरोप पर विपक्ष ने भी सवाल उठाए हैं। राजद ने आरसीपी टैक्स को याद किया है। कहा है कि आरसीपी टैक्स की महिमा अपरंपार है। खून चूस-चूस कर जमा किया गया है यह भंडार।
नीतीश की नाक के नीचे 9 साल में ये क्या हुआ, मूल में दोषी नरेंद्र मोदी और भाजपा- राजद
राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा कि 9 साल में आरसीपी सिंह ने बिहार को लूट लिया। इन लोगों के पास हजारों करोड़ रुपया नंबर दो का है। हम जो आरोप अब तक लगा रहे थे उस पर पहले ही कार्रवाई होती तो आज एक्शन लेने की जरूरत नहीं पड़ती। कहा कि सब कुछ जानते हुए भी भारत की सरकार में आरसपी को मंत्री पद का जिम्मा क्यों दिया गया? आरसीपी से बड़ा दोषी उन को संरक्षण देने वाले बिहार की सरकार या फिर केंद्र की सरकार है। वे लोग ऐसे क्यों कान में तेल लेकर बैठे हुए थे? मूल में दोषी नरेंद्र मोदी और भाजपा है। कहा कि हजार गुणा दोषी भारत की सरकार है। यह कुछ हजार का नहीं बल्कि हजार करोड़ का मामला है।
राजद की प्रदेश प्रवक्ता रितु जायसवाल ने कहा है कि देख रहे हो न विनोद बिहार में क्या हो रहा है। खुद को सुशासन बाबू कहलाना पसंद करने वाले नीतीश कुमार की नाक के नीचे नौ वर्षों में आरसापी सिंह जमीन पर जमीन रजिस्ट्री कराते रहे। सभी को मालूम है कि आरसीपी सिंह को नीतीश कुमार का संरक्षण प्राप्त था। आज जब नीतीश कुमार से आरसीपी की बन नहीं रही तो आरोप लगाया जा रहा है। क्या यही सुशासन है? समाज सुधार यात्रा निकालने वाले मुख्यमंत्री को गृह सुधार यात्रा निकालना चाहिए था।
यह बंगारु- आरसीपी गठबंधन है- कांग्रेस
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने कहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंगारु लक्ष्मण कैमरा पर रिश्वत लेते पकड़े गए थे। अब आरसीपी सिंह सिंह का भ्रष्ट्चार से हासिल अकूत संपत्ति का खुलासा जदयू ने ही कर दिया है। कहा कि यह बंगारु-आरसीपी गठबंधन है। ये मौसेरे भाई हैं। नीतीश कुमार की ही जांच करवा लीजिए दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा।