पटना19 मिनट पहले
दानापुर कोर्ट परिसर से बंदी फरार
पटना के दानापुर व्यवहार न्यायालय से बुधवार को एक कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। कैदी के फरार होने की सूचना मिलते ही पूरे व्यवहार न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। कैदियों को लेकर आए सिपाहियों ने भाग निकले कैदी की तलाश में यहां वहां छापेमारी करना शुरू कर दिया। घंटों मशक्कत के बाद भी फरार कैदी का कोई सुराग नहीं मिला। इस घटना के बाद दानापुर थाना में कैदी भागने की सूचना पर एक मामला दर्ज किया है। घटना की पुष्टि करते हुए दानापुर थाना प्रभारी कमलेश्वर प्रसाद ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।
मोबाइल चोरी के आरोप में हुआ था गिरफ्तार
मिली जानकारी के अनुसार रूपसपुर थाना की पुलिस ने मंगलवार को मोबाइल चोरी के आरोप में ईश्वर कुमार (28 वर्ष) नाम के युवक को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद बुधवार को ईश्वर कुमार को दानापुर न्यायालय में पेश किया गया। बताया जा रहा है कि पेशी के दौरान बंदी ईश्वर कुमार पुलिस को चकमा देकर वहां से फरार हो गया। जैसे ही इस बात की भनक बंदी को लेकर आए पुलिसकर्मियों को लगी पुलिसकर्मियों के हाथ पैर फूलने लगे। आनन-फानन में पुलिस कर्मियों ने भागे हुए कैदी की तलाश शुरू कर दी। घंटों मशक्कत के बाद भी जब भाग निकले कैदी का कोई सुराग नहीं मिला तब पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना रूपसपुर थाने को दी। रूपसपुर थाना प्रभारी ने इस बात की जानकारी दानापुर थाना को दी।