लुधियाना38 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

प्रतीकात्मक फोटो।
पंजाब में लुधियाना के जगराओं एरिया के तुगल गांव में एक शख्स ने अपने ही भतीजे को लट्ठ से पीट-पीटकर मारा डाला। उसे शक था कि उसकी पत्नी से भतीजे के अवैध संबंध है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मरने वाला बिहार में सहरसा का रहने वाला था। उसकी पहचान उपेंद्र (38) के रूप में हुई।
उपेंद्र को इतनी बुरी तरह पीटा गया था कि डॉक्टरों को 5 दिन में उसे 3 बार अलग-अलग अस्पतालों में रेफर करना पड़ा। अंत में चंडीगढ़ में उसने दम तोड़ दिया। उपेंद्र को पीटने वाले वीरेन सादा के खिलाफ उसकी पत्नी साविया देवी ने ही हत्या का केस दर्ज कराया।
साविया देवी ने बताया कि उसकी 25 साल पहले वीरेन सादा से शादी हुई थी। वह वीरेन के साथ लुधियाना जिले के स्वद्दी गांव में रहती है। वीरेन सादा शराब पीकर उससे मारपीट करता था।
रात में सोने के दौरान पीटा
साविया के अनुसार, तकरीबन डेढ़ साल पहले वीरेन का भतीजा उपेंद्र उनके यहां आया तो दोनों के संबंध बन गए। कुछ समय बाद वह वीरेन सादा को छोड़कर उपेंद्र के साथ तुगल गांव में रहने लगी। वहां दोनों पति-पत्नी के रूप में रहते थे।
करीब 15 दिन पहले वीरेन सादा भी स्वद्दी गांव छोड़कर तुगल में रहने आ गया। वीरेन खेतों में मजदूरी करता था। एक अगस्त को वीरेन उपेंद्र को अपने साथ ले गया। उसी रात जब उपेंद्र नींद में था, तब वीरेन ने उसे लट्ठ से बहुत बुरी तरह मारा। उपेंद्र को घायल करने के बाद वीरेन फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर उसने पुलिस को सूचना दी और उपेन्द्र को जगराओं सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राइमरी इलाज के बाद उपेंद्र को लुधियाना सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। लुधियाना सिविल अस्पताल में भी जब उपेंद्र की हालत बिगड़ने लगी तो उसे पटियाला राजिंद्रा अस्पताल रेफर कर दिया गया। पटियाला के डॉक्टरों ने उपेंद्र को चंडीगढ़ रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी भी छोड़ चुकी थी उसे
सब इंस्पेक्टर करमजीत सिंह ने बताया कि मृतक उपेंद्र शादीशुदा था, लेकिन उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। उसके बाद वह साविया देवी के साथ रहने लगा। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी वीरेन सादा को तुगल गांव से गिरफ्तार कर लिया। उपेंद्र की हत्या में इस्तेमाल लट्ठ आरोपी से बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने शनिवार को वीरेन सादा को कोर्ट में पेश किया। अदालत ने उसे ज्यूडीशियल रिमांड पर जेल भेज दिया।